पाली : रामलीला मैदान अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, शिवसेना शिंदे कार्यकर्ताओं ने नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

पाली : शहर के रामलीला मैदान में कथित अतिक्रमण को लेकर विरोध तेज हो गया है। सोमवार सुबह Shiv Sena (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता जिला प्रमुख तख्तसिंह सोलंकी और जिला प्रवक्ता राजू देवासी के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचे और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में कुछ लोगों द्वारा झोपड़ियां बनाकर स्थायी अतिक्रमण कर लिया गया है, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से मांग की गई कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए। इस दौरान युवा सेना संगठन प्रमुख राजू सिंह रावत, महिला सेना की ललिता गाडोलिया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



