गुड़ा मेहराम स्कूल का औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था संतोषजनक, शिक्षकों को दी सख्ती से काम करने की हिदायत

पाली : शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “विद्यालय सम्बलन” अभियान के तहत मंगलवार को पाली जिले में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए औचक निरीक्षण किया गया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) तेजसिंह पंवार ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गुड़ा मेहराम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिक उपस्थिति पंजिका, कक्षा-कक्षों में चल रहे शिक्षण कार्य, “प्रखर राजस्थान 2.0” अभियान की प्रगति, पोषाहार व्यवस्था, पुस्तकालय से पुस्तक वितरण, कार्यपुस्तिकाओं के उपयोग सहित विद्यालय की समग्र शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर और समझ का भी आंकलन किया।
अधिकारियों द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति को संतोषजनक पाया गया, हालांकि शिक्षकों को अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक सजग रहने तथा ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सम्बलन भी प्रदान किया।
इस दौरान संस्था प्रधान चंदन सिंह राणावत सहित शिक्षकगण—श्याम सिंह चारण, गिरधारी लाल रांगी, श्रवण राठौड़, सुरेश बिबान, सुनील शर्मा और शैलेन्द्र सिंह—मौजूद रहे। शिक्षा विभाग का यह अभियान जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को परखने और सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।



