google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

50 साल बाद एंदला डैम का होगा कायाकल्प, 6.88 करोड़ रुपए स्वीकृत, सिंचाई को मिलेगा बड़ा सहारा

पाली : पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित गुड़ा एंदला गांव का एंदला डैम अब करीब 50 वर्षों बाद पुनः संवरने जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके जीर्णोद्धार और मरम्मत कार्यों के लिए 688 लाख रुपए (6.88 करोड़ रुपए) की राशि स्वीकृत कर दी है, जिससे क्षेत्र में सिंचाई और जल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष उठाए जाने के बाद बजट में इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी गई।

अधिशाषी अभियंता शंकरलाल राठौड़ ने बताया कि वर्ष 1974-75 में निर्मित इस बांध का लंबे समय से कोई बड़ा रखरखाव नहीं हुआ था। बांध का जलग्रहण क्षेत्र 46.62 वर्ग किलोमीटर है, जबकि जिले में औसत वर्षा 420.39 मिमी दर्ज की गई है। वर्तमान में जलस्तर घटकर 15–20 मीटर तक पहुंच गया है, जिससे सिंचाई और पशुधन के लिए पानी की समस्या बढ़ गई थी।

अब इस बजट के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा बांध की संरचना को मजबूत करने, ओवरफ्लो सेक्शन, विंग वॉल और स्लुइस गेट की मरम्मत के साथ-साथ तटबंध और नहर नेटवर्क को दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा गाद हटाने, पत्थर की पिचिंग, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और फीडर सिस्टम को बेहतर बनाने के कार्य भी किए जाएंगे।

इस परियोजना से न केवल जल संरक्षण क्षमता बढ़ेगी, बल्कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और पशुधन की जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी।

इस महत्वपूर्ण घोषणा पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्री जोराराम कुमावत का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button