जयपुर में ‘नारी शक्ति सम्मान 2026’ का भव्य आयोजन, 8 राज्यों की 36 महिलाओं का हुआ सम्मान

पाली : ‘माही संदेश’ और सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स, जयपुर के एडमिन ब्लॉक में हुआ, जिसमें देशभर से आई प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान सहित 8 राज्यों से आई 36 सशक्त महिलाओं को ‘प्रेमा माथुर प्रेरणा पुरस्कार’, ‘माला माथुर नारी शक्ति सम्मान’, ‘तारा देवी नारी शक्ति सम्मान’ और ‘एलिजाबेथ ज़रीन नारी शक्ति सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि समिति की सचिव अचला शर्मा को समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘प्रेमलता देवी नारी शक्ति सम्मान’ से नवाजा गया, जिससे पाली जिले का गौरव बढ़ा।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्राथमिकता दी गई। इस दौरान ‘हेल्थ अवेयरनेस टॉक’ आयोजित हुई, जिसमें डॉ. अनुकृति सूद और डॉ. आशीष अग्रवाल ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
कार्यक्रम की रूपरेखा माही संदेश के संरक्षक सुधीर माथुर, प्रधान संपादक रोहित कृष्ण नंदन और समन्वयक भरत कोराना के निर्देशन में तैयार की गई। आयोजन को सफल बनाने में सीके बिड़ला हॉस्पिटल्स की टीम के आदित्य खंडेलवाल और आशीष शर्मा की भी अहम भूमिका रही।
जयपुर में सम्मानित होने पर अचला शर्मा को समिति सदस्यों, उनके पति अजय जोशी, वीणा जांगीड़ और पुत्र देवांग सहित परिजनों एवं शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक योगदान और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।



