पाली जिला कारागृह का औचक निरीक्षण, बंदियों से संवाद, सुविधाओं और निःशुल्क विधिक सहायता पर जोर

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार एवं सचिव विक्रम सिंह भाटी ने सोमवार को जिला कारागृह पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 89 बंदी निरुद्ध पाए गए। इस दौरान राजेन्द्र कुमार ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी विधिक सहायता के अभाव में बिना अधिवक्ता के न रहे। इसके लिए बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।

निरीक्षण के दौरान उन बंदियों के बारे में भी जानकारी ली गई जिनकी जमानत हो चुकी है, लेकिन वे अभी भी कारागृह में निरुद्ध हैं। साथ ही बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।
सचिव विक्रम सिंह भाटी ने बंदियों से उनकी समस्याएं जानीं और नवआगंतुक बंदियों से घटना के समय उनकी आयु संबंधी जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के तहत सभी बंदियों की नियमित ओपीडी जांच की जा रही है तथा आपात स्थिति में उन्हें राजकीय बांगड़ अस्पताल रेफर किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान कारापाल जोराराम, जेल चिकित्सक डॉ. रॉयमेन जोसेफ, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल मानसिंह आशिया एवं विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के माध्यम से कारागृह व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।



