google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliअपराधदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : बंद मकान में मां और दो बेटों के शव मिले, सुसाइड नोट से बढ़ी रहस्य की गुत्थी

पाली : शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बंद मकान के अंदर मां और उसके दो बेटों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना जोधपुर रोड स्थित आशापुरा टाउनशिप की है। दो दिन से मकान का गेट अंदर से बंद था और बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां तीनों के शव फर्श पर पड़े मिले।

मृतकों की पहचान शांति देवी (65), उनके बेटे नरपत लाल (34) और रघुवीर (26) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सीओ सिटी मदन सिंह ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है और परिजन फोन नहीं उठा रहे हैं। मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा गया तो तीनों मृत अवस्था में मिले।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। फिलहाल शवों को बांगड़ अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया गया है और एफएसएल व एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले तीनों ने अपने रिश्तेदारों को आधार कार्ड और फोटो भेजे थे, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

मृतका के रिश्तेदार लक्ष्मण ने बताया कि 8 अप्रैल को फोन आया था, लेकिन बाद में लगातार कॉल करने पर भी किसी ने फोन नहीं उठाया। घर पहुंचने पर दरवाजा बंद मिला और बाइक बाहर खड़ी थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरपत लाल लंबे समय से सीने की बीमारी से परेशान था और काम छोड़ चुका था। दोनों बेटों की शादी नहीं हुई थी, जबकि मां को उनकी शादी की चिंता रहती थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button