ईंधन बचत पर सख्त कदम, CM भजनलाल ने घटाया काफिला, अधिकारियों को भी दिए मितव्ययिता के निर्देश

जयपुर : भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में की गई अपीलों का देशभर में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। इसी दिशा में राजस्थान सरकार ने भी पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर अहम फैसले लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही राज्य के सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और मितव्ययिता अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत सुनिश्चित करने के लिए सरकारी कार्यक्रमों की संख्या में भी कटौती की जाएगी, ताकि संसाधनों का बेहतर और जिम्मेदार उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह पहल न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है।




