जयपुर : एनसीबी की बड़ी कार्रवाई, ‘ऑपरेशन पिंक सिटी’ के तहत 80 ग्राम से ज्यादा चरस बरामद

जयपुर : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जयपुर जोनल यूनिट ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन पिंक सिटी” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मानसरोवर क्षेत्र से एक वाहन से 80.5 ग्राम चरस बरामद की है। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे जयपुर शहर में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
एनसीबी टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर मानसरोवर इलाके में एक वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान आरोपी जसबीर वासवानी की मौजूदगी में वाहन से संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ की पुष्टि चरस के रूप में हुई।
एनसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्थानीय क्षेत्रों से मादक पदार्थ लाकर जयपुर शहर में सप्लाई करता था।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की भी पड़ताल कर रही हैं। एनसीबी की इस कार्रवाई को राजधानी में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस अभियान के तहत और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।



