google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को लेकर बड़ी बैठक, गर्मी में बढ़ी भीड़ के बीच स्वच्छता, पानी और सुरक्षा पर फोकस

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मौजूदा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने की।

बैठक में सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने हाल ही में स्टेशन निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों और उन्हें दूर करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। साथ ही शेष कार्यों के लिए विभागवार लक्ष्य तय किए गए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने कहा कि ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे स्टेशन पर व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने रेल पटरियों के आसपास सफाई व्यवस्था सुधारने, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा आरपीएफ कंट्रोल के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों से स्टेशन व यार्ड क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, प्रतीक्षालयों की स्थिति, खानपान सेवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी गहन चर्चा की गई। यात्री संगठनों ने सुझाव दिया कि डिजिटल सूचना प्रणाली और यात्री सहायता सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिए कि यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और स्टेशन परिसर में नियमित मॉनिटरिंग के जरिए सुव्यवस्था बनाए रखी जाए।

बैठक में रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अनुपम कुमार, ललित कुमार, सहायक परिचालन प्रबंधक उमराव मीणा, सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त लक्ष्मण गौड़, स्टेशन अधीक्षक विजयलाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इंजीनियर और निरीक्षक मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button