दो दिन में दो मौतों से दहल उठा परिवार, ससुर के निधन का सदमा नहीं सह सकी बहू, ब्रेन हेमरेज से मौत

जोधपुर : जिले के बासनी मनणा गांव में एक ही परिवार में महज दो दिनों के भीतर ससुर और बहू की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 11 मई की शाम 95 वर्षीय अमृतसिंह का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। ससुर की मौत का गहरा सदमा उनकी 47 वर्षीय बहू मंजू कंवर सहन नहीं कर सकीं और कुछ ही घंटों बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया। उपचार के दौरान 12 मई को जोधपुर के अस्पताल में उनकी भी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार मंजू कंवर अपने ससुर को पिता समान मानती थीं और उनकी सेवा में हमेशा समर्पित रहीं। ससुर के निधन के बाद वह बेहद भावुक हो गईं और लगातार रोती रहीं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
11 मई को अमृतसिंह का अंतिम संस्कार किया गया, वहीं 13 मई को मंजू कंवर की अंतिम यात्रा निकाली गई। एक ही घर से दो दिन में दो अर्थियां उठने से गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि मंजू कंवर मिलनसार और जिम्मेदार महिला थीं, जो परिवार को साथ लेकर चलती थीं। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है।
मंजू कंवर का पीहर पाली जिले के धुरासनी गांव में है। उनके दो बेटे हैं—बड़ा बेटा जयपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जबकि छोटा बेटा पाली में निजी स्कूल का प्रबंधन देखता है। दोनों बेटों की शादी नवंबर 2026 में प्रस्तावित थी और परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवारजन अब भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं और मंजू कंवर की यादों को याद कर भावुक हो रहे हैं।



