विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे की पहल, जोधपुर मंडल में चला जागरूकता अभियान, यात्रियों को दिया हरित संदेश

जोधपुर : विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में जोधपुर और भगत की कोठी रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्टेशनों व रेलवे कॉलोनियों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत यात्रियों को सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। रेलकर्मियों ने पेम्फलेट वितरित कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक निरंतर संचालित रहेगा। इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा सके।



