पाली : आवारा पशुओं पर सख्ती की तैयारी, सड़क पर छोड़ने पर होगी कार्रवाई

पाली : शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका ने सख्त अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। अब पशुपालकों द्वारा पशुओं को सड़कों पर छोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने बताया कि शहर में आवारा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं और आमजन को हो रही परेशानी को रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और निर्धारित स्थानों पर ही रखें।
अभियान के तहत शहर की प्रत्येक गौशाला को अलग-अलग रंग (कलर कोड) दिया गया है, जिससे वहां रखे गए पशुओं की पहचान आसानी से की जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि गौशाला में भेजे गए पशुओं को दोबारा सड़कों पर न छोड़ा जाए।
नगर पालिका की टीम पशुपालकों से सीधे संपर्क कर उन्हें नियमों की जानकारी दे रही है, वहीं जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को भी इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है।
पालिका प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आवारा पशुओं की सूचना तुरंत नगर पालिका को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।



