
पाली : “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत कांग्रेस की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक 23 अप्रैल गुरुवार को प्रातः 10 बजे पाली जिला कांग्रेस मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित होगी। बैठक में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों और राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली, जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल, जिला प्रभारी राजेन्द्र मुंड, सह प्रभारी श्रवण पटेल, लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक खुशवीर सिंह, पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य, विधायक प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
बैठक के पश्चात दोपहर 12:30 बजे महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीडिया से रूबरू होंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव टालकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है, जिसके विरोध में यह अभियान तेज किया जा रहा है।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन चर्चा की जाएगी। साथ ही अभियान से जुड़े दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के प्रभारी, सांसद व विधायक प्रत्याशी, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।



