
पाली : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 75वें जन्मदिन को पाली में जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में “सेवा और संकल्प दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम के तहत हिन्दू सेवा मंडल में कुष्ठ रोगियों को भोजन कराया गया, वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर मूक पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर पर्यावरण व जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने गहलोत के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें आधुनिक राजस्थान का शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि गहलोत ने अपने कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा दी है।
इस मौके पर विधायक भीमराज भाटी, जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल, प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी और पूर्व जिलाध्यक्ष अजीज दर्द सहित कई नेताओं ने गहलोत के सरल, सौम्य और जनहितैषी व्यक्तित्व की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनका अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाता रहा है।

प्रदेश कांग्रेस सदस्य खेतसिंह मेडतिया, महावीर सिंह सुकरलाई और नीलम बिड़ला ने भी गहलोत के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति में जनता का विश्वास मजबूत किया है।
कार्यक्रम के अंत में शहर ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।



