पाली में औद्योगिक विकास को रफ्तार, डीएमआईसी क्षेत्र में करोड़ों के इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य शुरू
जेपीएमआईए के तीन चरणों में तेजी से चल रहा विकास, किसानों को 15.81 करोड़ का मुआवजा भुगतान

पाली : जिले में डीएमआईसी क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जेपीएमआईए द्वारा जोधपुर-पाली मारवाड़ इंडस्ट्रियल एरिया में तीन चरणों—चरण-ए, चरण-बी और चरण-सी—में बड़े स्तर पर विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
जेपीएमआईए की उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीता पंकज ने बताया कि चरण-ए के तहत 641.8840 हेक्टेयर भूमि पर सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, सीईटीपी और एटीपी सहित आधारभूत ढांचे के निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं और तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि चरण-बी के लिए 1086.4494 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। राजस्व विभाग द्वारा संबंधित खातेदारों और खसरों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन भी पूरा कर लिया गया है। जिन खातेदारों ने नकद मुआवजा लेने का विकल्प चुना है, उन्हें अब तक 15.81 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

वहीं, जिन किसानों ने विकसित भूमि लेने का विकल्प चुना है, उन्हें नियमानुसार आरक्षण पत्र जारी किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा मुआवजा भुगतान प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। चरण-सी के तहत 1373.3594 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है और संबंधित रिपोर्ट उद्योग विभाग, राजस्थान सरकार को भेजी जा चुकी है।
प्रशासन का कहना है कि जिला कलेक्टर द्वारा परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से मारवाड़ क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने और राजस्थान के औद्योगिक विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।




