पाली जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद, मुफ्त कानूनी सहायता पर विशेष जोर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लीगल एड हेल्प डेस्क बनाने पर भी चर्चा

पाली : पाली जिला कारागृह में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने जेल व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों से सीधे संवाद किया।
निरीक्षण के समय जिला कारागृह में 90 बंदी निरुद्ध मिले। सचिव भाटी ने बंदियों से भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बंदी आर्थिक स्थिति के कारण कानूनी सहायता से वंचित न रहे।

उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरतमंद कैदियों को समय पर अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जिन बंदियों की जमानत होने के बाद भी रिहाई नहीं हो सकी है, उनकी स्थिति की भी जानकारी ली गई और उन्हें उनके मामलों की प्रगति से अवगत कराया गया।
सचिव भाटी ने नवआगंतुक बंदियों से भी बातचीत कर घटना के समय उनकी आयु और अन्य कानूनी पहलुओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों को कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जेल परिसर में लीगल एड हेल्प डेस्क स्थापित करने को लेकर कारापाल के साथ चर्चा की।
इस दौरान जिला कारागृह कारापाल जोराराम और जेल विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



