पाली में छात्राओं को सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी, हेल्पलाइन से सरकारी योजनाओं तक किया जागरूक
बांगड़ महाविद्यालय में महिला अधिकारिता विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पाली : पाली में महिला सुरक्षा, बाल अधिकार और सरकारी योजनाओं को लेकर बुधवार को बांगड़ महाविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग के पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास ने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना और निःशुल्क कंप्यूटर कोर्स जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर किस प्रकार सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना ने RAJSIMS पोर्टल पर पंजीकरण और लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया समझाई। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेड पीएलवी मांगीलाल तंवर ने “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” थीम के तहत विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और जागरूकता के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी, पॉक्सो एक्ट, महिलाओं के अधिकार, पालनहार योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, नशा मुक्ति और नालसा हेल्पलाइन 15100 जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. मनीष भाटी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को कानूनी रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना बताया गया।



