पाली : सफाई व्यवस्था हाईटेक, शिकायत के 3 घंटे में होगा समाधान, निगम ने बनाई स्पेशल टीम
नगर निगम ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पाली : शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की है। जिला कलक्टर के “प्रगतिशील पाली अभियान” के तहत अब शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विशेष सैन्ट्रल गैंग का गठन किया गया है।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि यह विशेष टीम झाड़ू, पावड़ा, पंजेटी, तगारी और रिफ्लेक्टर जैकेट सहित सभी जरूरी उपकरणों से सुसज्जित है। टीम की जिम्मेदारी स्वास्थ्य निरीक्षक रवि आदित्य को सौंपी गई है।
निगम ने आमजन की सुविधा के लिए 91459-21301 व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, जिस पर सड़क और नाली सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। निगम प्रशासन का दावा है कि शिकायत मिलने के बाद अधिकतम 3 घंटे के भीतर उसका निस्तारण किया जाएगा।

आयुक्त ने बताया कि टीम केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह भी जांच करेगी कि संबंधित क्षेत्र में बार-बार गंदगी क्यों हो रही है। लगातार कचरा फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ जुर्माना और चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
बुधवार को प्राप्त 10 शिकायतों का त्वरित समाधान कर टीम ने कार्रवाई शुरू भी कर दी है।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें, सिंगल यूज प्लास्टिक और पेपर कप का उपयोग कम करें तथा कचरा केवल निर्धारित वाहन में ही डालें, ताकि पाली को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।



