
पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को आत्मनिर्भर और कौशलयुक्त बनाने के उद्देश्य से पाककला प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कौशल विकास समिति, भारत विकास परिषद एवं नूतन पहल महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में छात्राओं को विभिन्न व्यंजन बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद की अध्यक्ष नूतनबाला कपिला एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में कौशल आधारित शिक्षा बेहद आवश्यक है और ऐसे प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को जलेबी, कचोरी, समोसा, खमन, अप्पा, मलाई कोफ्ता और नान जैसे व्यंजनों को बनाने की विधि सिखाई गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पाककला की बारीकियों को सीखा।
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में रेखा केडिया, अंजना सराफ एवं श्रेया खंडेलवाल ने छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। वहीं परिषद सदस्य पुष्पा परिहार और मधु तलवार ने भी छात्राओं को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को घरेलू एवं व्यावसायिक स्तर पर उपयोगी कौशल प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें। आने वाले दिनों में शिविर के तहत विभिन्न अन्य पाक विधाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।



