गांव-गांव पहुंच रहा ‘ग्राम रथ’, योजनाओं की जानकारी से जागरूक हो रहे ग्रामीण, बढ़ी जनभागीदारी
पाली जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी वैन और लोक कलाकारों के जरिए सरकारी योजनाओं का प्रचार

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार चलाए जा रहे “ग्राम रथ अभियान” को ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में ग्रामीणों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
गुरुवार को जिले के पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के चयनित गांवों में ग्राम रथ मोबाइल वैन पहुंची, जहां ग्रामीणों ने उत्साह के साथ योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अभियान के तहत राजस्थान सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

पाली विधानसभा क्षेत्र के रोहट उपखंड में सुकरलाई, खुण्डावास, मालवा और राणा गांवों में ग्राम रथ संचालित किया गया। वहीं सुमेरपुर क्षेत्र के गुडा एंदला, डिंगाई और गुन्दोज, बाली क्षेत्र के दुदनी, बिसलपुर, पैरवा और बेडल, मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के पांचेटिया, भिमालिया, धामली, हिंगोला खुर्द और बारसा सहित सोजत क्षेत्र के रेन्दड़ी और सियाट गांवों में भी अभियान पहुंचा।

मोबाइल वैन के जरिए योजनाओं पर आधारित फिल्में प्रदर्शित की गईं, जबकि एलईडी वैन और कला जत्थों ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को भी अभियान जारी रहेगा। इसके तहत विभिन्न गांवों में ग्राम रथ पहुंचाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।




