पाली में स्काउट-गाइड गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार, एडवेंचर ट्रेनिंग सेंटर विकसित करने पर जोर, सेवा कार्यों का लिया संकल्प

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में गुरुवार को जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में स्थानीय संघ सचिव एवं जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र 2026-27 की गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्काउट-गाइड आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता सहायक स्टेट कमिश्नर गाइड नूतन बाला कपिला ने की। इस दौरान सत्र 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं का खाका तैयार किया गया। सीओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि हाल ही में स्थानीय संघ स्तर पर आयोजित यूनिट निरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई तथा स्काउट-गाइड यूनिट्स से नियमित संपर्क और गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर जोर दिया गया।

नूतन बाला कपिला ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों को केवल संख्या तक सीमित न रखते हुए गुणवत्ता और सेवा भावना से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने राज्य मुख्यालय द्वारा दिए गए लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जिले को प्रदेश में उत्कृष्ट बनाने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रपति अवार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर के लिए राष्ट्रपति अवार्ड आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है, इसलिए पात्र प्रतिभागियों को समय रहते पंजीकरण करवाना चाहिए।
इस दौरान जिला प्रशिक्षण केंद्र बजरंग बाड़ी में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। सीओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है ताकि जिलेभर से आने वाले स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और यूनिट लीडर्स को बेहतर प्रशिक्षण और आवासीय सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिक से अधिक भामाशाहों को इस अभियान से जोड़ने की अपील भी की।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रशिक्षण केंद्र पर जल्द ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवाओं के लिए एडवेंचर गतिविधियां शुरू की जाएंगी। जिला कलक्टर पाली द्वारा निर्मित आर्टिफिशियल क्लाइंबिंग वॉल शुरू होने के बाद युवाओं को साहसिक गतिविधियों का नया मंच मिलेगा।
बैठक के अंत में स्काउट-गाइड पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रशिक्षण केंद्र परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे और चुग्गा पात्र लगाकर सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ताराचंद जैन, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड लीला जैन सहित कई पदाधिकारी, भामाशाह और स्काउट-गाइड कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



