प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में उमड़ी महिलाओं की भागीदारी, जिलेभर में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच, हाई-रिस्क मामलों पर विशेष निगरानी

पाली : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं की ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, शुगर, वजन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। साथ ही उच्च जोखिम (हाई-रिस्क) वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पात्र महिलाओं को “मां वाउचर” कूपन भी वितरित किए गए, जिससे वे निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समय पर ले सकें। चिकित्सा अधिकारियों ने महिलाओं को नियमित जांच, संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में आशा सहयोगिनी, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को शिविरों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सीएमएचओ ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह 9, 18 और 27 तारीख को गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच की जाती है, जिससे सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर नियमित जांच करवाएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं।



