बगड़ी नगर में ‘ग्रामीण रथ’ से जागरूकता की पहल, अरुण चतुर्वेदी ने योजनाओं का लिया फीडबैक, मौके पर ही समाधान

पाली : जिले के बगड़ी नगर ग्राम पंचायत में रविवार को ग्रामीण रथ के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अरुण चतुर्वेदी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं आमजन के हित में हैं, इसलिए हर पात्र व्यक्ति को इनका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने किसान समृद्धि रथ यात्रा एवं केंद्र सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। ग्रामीण रथ एवं एलईडी वैन के माध्यम से लघु नाट्य प्रस्तुतियों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ जागरूकता का संदेश भी मिला।

इस दौरान जनप्रतिनिधि सुनील भंडारी, दिग्विजय सिंह, भंवरलाल सैनचा, पूनम सिंह पेंटर, कालूराम, राजेंद्र किसान, प्रशासक भूंडाराम चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी गुलाबचंद, विकास अधिकारी नेमाराम सीरवी, तहसीलदार दिलीप सिंह, रथ प्रभारी रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




