पाली : राज्य स्तरीय महिला हॉकी टीम चयन ट्रायल, 50 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, गांव-गांव से पहुंचीं खिलाड़ी

पाली : 16वीं सीनियर महिला राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए पाली जिला टीम के चयन को लेकर रविवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन हॉकी मैदान में ट्रायल आयोजित किए गए। इस चयन प्रक्रिया में जिलेभर से करीब 50 महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हॉकी पाली संघ के सचिव सत्यनारायण सिंह पुनाड़िया ने बताया कि ट्रायल में बाली, खिमेल, कोटड़ी, मिरगेश्वर, सांडिया, निमाज, जैतारण, बिराटिया खुर्द सहित विभिन्न गांवों की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने अपने खेल कौशल का दमखम दिखाया।
इस अवसर पर हॉकी पाली के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा ने रिजर्व पुलिस लाइन में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन का आभार जताया। साथ ही उन्होंने हॉकी राजस्थान जूनियर टीम के कोच एवं चयनकर्ता दीपक सोलंकी के सहयोग की सराहना की।
ट्रायल के दौरान हॉकी पाली के कोषाध्यक्ष दिनेश पंवार, अभिषेक चोपड़ा, प्रेम सिंह गादेरी, नंदू सिंह तथा शारीरिक शिक्षक अमृतलाल सहित कई पदाधिकारी व खेल प्रेमी मौजूद रहे। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।



