पाली कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, गर्मी में पानी-बिजली पर फोकस, योजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर ने सांख्यिकी, पंच गौरव, फ्लैगशिप योजनाएं, बजट घोषणाएं (2025-26-27), सम्पर्क 181 व सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा स्वजनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गर्मी के मद्देनजर पानी और बिजली की स्थिति पर विशेष फोकस करते हुए पीएचईडी के समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा की गई। चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों से निपटने और बांगड़ चिकित्सालय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को स्वजनगणना एवं बाल गोपाल दूध योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्माण कार्यों में प्रगति, तथा आईसीडीएस विभाग को प्रधानमंत्री मातृत्व योजना और जर्जर भवनों के सुधार के लिए निर्देशित किया गया।

इसके अलावा नगर निगम, डिस्कॉम, जल संसाधन विभाग, वन विभाग (हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण), कृषि-बागवानी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, पालनहार योजना, पेंशन सत्यापन, उद्योग केंद्र, विश्वकर्मा योजना, रसद विभाग (एनएफएसए, एलपीजी) सहित कई विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डेयरी, पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, निराश्रित पशुओं के प्रबंधन, नगर निगम व यूआईटी के कार्यों तथा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




