पाली : ग्राम रथ अभियान की रफ्तार तेज, एलईडी वैन से गांव-गांव पहुंच रही योजनाओं की जानकारी

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार पाली जिले में ग्राम रथ अभियान के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से चल रहे इस अभियान से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ रही है और वे योजनाओं का लाभ उठाकर संतुष्टि जता रहे हैं।
सोमवार को अभियान के तहत पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में ग्राम रथ पहुंचा। इन वैन के जरिए ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल वैन पर आधारित फिल्मों का प्रसारण भी किया गया, जिससे लोगों को योजनाओं को समझने में आसानी हो रही है।

अभियान के दौरान स्थानीय कला जत्थों और लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया। इन आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस पहल को सराहते हुए मुख्यमंत्री और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अभियान के तहत मंगलवार को भी विभिन्न पंचायत समितियों के गांवों में ग्राम रथ पहुंचकर योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के जनजागरूकता अभियानों से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।




