google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस धूमधाम से मनाया, 72 नर्सिंगकर्मी सम्मानित, फ्लोरेन्स नाइटिंगेल को किया नमन

पाली : चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पाली के अधीन नर्सिंग संवर्ग द्वारा मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस का जिला स्तरीय समारोह माली समाज भवन में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा सेवाओं में नर्सेज की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 नर्सिंगकर्मियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

आयोजन समिति के संयोजक के.सी. सैनी ने बताया कि वर्ष 1974 से हर साल 12 मई को नाइटिंगेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “Our Nurses, Our Future: Empowered Nurses Save Lives” रही, जिसके तहत नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता और सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य रमेश सोलंकी ने फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के जीवन व योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं एएनएम एवं अन्य नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने नशामुक्ति और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति दी, जिसे खूब सराहा गया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में नर्सेज को चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की। नवचयनित प्रशिक्षणार्थियों को मोमबत्ती जलाकर नाइटिंगेल शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त नर्सिंग कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं आगामी वर्ष का जिला स्तरीय आयोजन सोजत सिटी में करने की घोषणा भी की गई।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button