पाली : मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, 84 मरीजों की जांच, दवाइयों से लेकर टीकाकरण तक मिली सुविधा

पाली : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रताप नगर, पाली द्वारा बुधवार को सरदार पटेल नगर स्थित सामुदायिक भवन में निशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 84 मरीजों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं प्रदान की गईं।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद जावेद ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। वहीं डेंटल हाइजिनिस्ट गुलशन कुमार द्वारा मुख स्वास्थ्य की जांच की गई।

महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता शोभा वैष्णव, राजकंवर और निरमा मेवाड़ा ने मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग (गैर-संचारी रोगों की जांच) और टीकाकरण किया। फार्मासिस्ट अरुण गर्ग ने मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं, जबकि वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन सवाई सिंह सोनीगरा ने विभिन्न आवश्यक जांचें मुफ्त में कीं।
शिविर के सफल आयोजन में लेखा सहायक दिनेश, आशा सहयोगिनी रेणुका मेघवाल और स्वीटी सोमानी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।




