पाली : जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता संपन्न, रिया चौधरी और यशपाल चौधरी बने चैंपियन, अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे दम

पाली : जिला तैराकी संघ के तत्वावधान में मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट क्लब तरणताल में आयोजित जिला स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (खेल) बलवीर सिंह राणावत के मुख्य आतिथ्य और संघ अध्यक्ष कानसिंह राणावत की अध्यक्षता में हुआ।
उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग मिलाकर कुल 47 तैराकों ने भाग लिया, जिसमें कड़े मुकाबले देखने को मिले।

महिला वर्ग में रिया चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 और 100 मीटर फ्री-स्टाइल में लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि श्वेता चौधरी दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में यशपाल चौधरी का जलवा देखने को मिला। उन्होंने 50, 100, 200 और 400 मीटर फ्री-स्टाइल स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपना वर्चस्व स्थापित किया। इन स्पर्धाओं में आदित्य चौहान और धीरेन ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर कड़ी टक्कर दी।
अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। महिला वर्ग में वंसाली सोनी ने 200 और 400 मीटर में पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं मूमल सोनी ने 50, 100 और 200 मीटर बैक स्ट्रोक में जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग के बैक स्ट्रोक में काव्यांश चौहान ने 50 और 100 मीटर में प्रथम स्थान हासिल किया।

संघ सचिव चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी आगामी 31 मई से जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में निर्णायक मंडल के पूर्णसिंह चम्पावत, दिलीपसिंह राठौड़, श्याम चौधरी, प्रकाश शर्मा और राकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




