जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने किया पाली जेल का निरीक्षण, बंदियों से जाना सुविधाओं का हाल

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने मंगलवार को जिला कारागृह पाली का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जेल में कुल 99 बंदी निरुद्ध पाए गए। सचिव भाटी ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन व्यवस्था, चिकित्सीय सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी आर्थिक अभाव या अधिवक्ता नहीं कर पाने की स्थिति में बिना कानूनी सहायता के जेल में निरुद्ध न रहे।

इस दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। सचिव भाटी ने बंदियों से घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान किसी भी बंदी ने अपने विधिक अधिकारों के हनन या जेल व्यवस्थाओं को लेकर कोई शिकायत प्रस्तुत नहीं की। अधिकारियों ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर प्रभारी जिला कारागृह रामजीवन कटाणियां, जेल डिस्पेंसरी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहनलाल, जेल विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



