राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस सेवादल का सेवा अभियान, कुष्ठ रोगियों को कराया मीठा भोजन वितरण

पाली : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर पाली जिला कांग्रेस सेवादल की ओर से मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। हिंदू सेवा मंडल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुष्ठ रोगियों को मीठा भोजन एवं बिस्किट वितरित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग का संदेश देते हुए जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण किया गया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के उपाध्यक्ष एवं उदयपुर-जोधपुर संभाग प्रभारी मोहन हटेला ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने युवाओं की शक्ति पर विश्वास जताते हुए भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार करने का विजन दिया था।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में राजीव गांधी का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, नवाचार और लोकतांत्रिक सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित किए, जो आज भी प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता महावीरसिंह सुकरलाई, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवराज बोराणा, जिला कांग्रेस महासचिव आमीन अली रंगरेज, मंडल अध्यक्ष भेराराम गुर्जर, पुष्पराज सोनी, दिनेश दवे, घनश्याम भाटी, धन्नाराम सरगरा, धनराज आर्य, फकीर मोहम्मद, विक्रम भाटी, मांगीलाल मेघवाल, नैनाराम हेमावास, संजय परमार, जितेंद्रसिंह चुंडावत सहित अनेक सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



