बांगड़ अस्पताल स्थित सखी सेंटर का निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता और निशुल्क विधिक मदद के निर्देश

पाली : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को बांगड़ अस्पताल परिसर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, लंबित मामलों और सहायता प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की।
सचिव भाटी ने केंद्र प्रबंधक सुश्री देवी बामणियों से केंद्र में दर्ज प्रकरणों, उनके फॉलोअप और पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सहायता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केस रजिस्टर, केस फाइल और आगंतुक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पीड़ित महिला को सहायता के लिए इंतजार नहीं करना पड़े और उन्हें तत्काल आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन मामलों में कानूनी सहायता की जरूरत हो, उनमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाने हेतु तुरंत आवेदन भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श, चिकित्सा, कानूनी सहायता और मानसिक संबल देने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए यहां संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है। इस दौरान केंद्र से जुड़े कार्मिक सोनिया जोशी, राजसिंह, नवीन कुमार, विद्या सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



