पाली : जनसुनवाई में उठा समस्याओं का अंबार, 62 मामलों पर हुई सुनवाई, जिला कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पाली : जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं की गूंज सुनाई दी। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने पानी, राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, बिजली और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को उठाया। जिला कलेक्टर ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला सतर्कता समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें कुल 7 प्रकरणों पर चर्चा हुई। इनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई में कुल 62 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें राजस्व विभाग के 10, स्वायत्त शासन विभाग के 15, पुलिस विभाग के 8, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 2, मेडिकल विभाग के 2, नगर विकास न्यास के 2, सामाजिक न्याय विभाग के 2, विद्युत विभाग के 3, आरडीआईपीआर के 5 सहित अन्य विभागों के कई मामले शामिल रहे।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं ब्लॉक स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।



