पाली कन्या महाविद्यालय में एक माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सम्पन्न, 25 छात्राओं को मिला स्वरोजगार का हुनर

पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में भारत विकास परिषद एवं नूतन पहल महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक माह के निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने की, जबकि अंशु शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। भारत विकास परिषद की अध्यक्ष नूतन बाला ने बताया कि कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में 25 छात्राओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षिका आस्था ने छात्राओं को आधुनिक ब्यूटी पार्लर तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छात्राओं के लिए पाककला, ब्यूटी पार्लर और आगामी सिलाई प्रशिक्षण जैसे सभी कोर्स पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जल्द ही महाविद्यालय में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को व्यावसायिक दक्षता प्रदान कर स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य अतिथि श्रीमती अंशु शर्मा ने कहा कि कौशल विकास ही महिला सशक्तिकरण की वास्तविक ताकत है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देते हैं।
समापन समारोह में भारत विकास परिषद की सदस्याएँ चंद्रकांता खंडेलवाल, सुबुद्धि समदरिया, पुष्पा परिहार, हिना राजपुरोहित एवं शशि लोढ़ा सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।



