पाली : जनगणना 2027 कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के निर्देश

पाली : जनगणना 2027 के तहत नगर निगम पाली क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निदेशालय जनगणना विभाग जयपुर की ओर से आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न ब्लॉकों में प्रगति का जायजा लेते हुए जनगणना कार्य को पूरी गुणवत्ता और गंभीरता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जयपुर से संभाग प्रभारी संतोष ने जिला समन्वयक दिनेश कुमार रैगर एवं चार्ज अधिकारी जितेंद्र सोनी के साथ एसआरएस ब्लॉक तथा सुपरवाइजर सर्किल संख्या 39 और 40 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। मौके पर सुपरवाइजर बृजलाल सिंह चारण, अपूर्व माथुर सहित प्रगणक नवीन, गरिमा और प्रदीप उपस्थित रहे।
सुपरवाइजर सर्किल 39 के अधिकारियों ने जानकारी दी कि उनके अधीन आने वाले सभी 6 ब्लॉकों का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। वहीं सर्किल 40 में अब तक 4 ब्लॉकों का कार्य पूर्ण होना बताया गया।

निरीक्षण के दौरान संभाग प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और एक भी घर सर्वेक्षण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिन ब्लॉकों में कार्य प्रगति धीमी पाई गई अथवा नंबरिंग कार्य अधूरा मिला, वहां संबंधित कार्मिकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स से जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समय पर और सटीक तरीके से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।



