पाली में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, कॉलेज छात्रों ने ली ‘नशामुक्त जीवन’ की शपथ

पाली : युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को व्यसन मुक्त बनाने के उद्देश्य से पाली में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) चौकी द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। नयागांव रोड स्थित ऐश्वर्या कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक प्रहरी बनाना था। इस दौरान एएनटीएफ चौकी पाली के अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है।

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने आसपास हो रही अवैध नशीले पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की जागरूकता और भागीदारी से ही समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में करीब 70 विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सभी ने जीवनभर नशा नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की गंभीर शपथ ली।

इस दौरान कॉलेज परिसर में एक विशेष “शिकायत बॉक्स” भी स्थापित किया गया, जिसके माध्यम से छात्र गुप्त रूप से नशीले पदार्थों से जुड़ी शिकायतें और सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छह स्वयंसेवी छात्रों और एक शिक्षक योद्धा (टीचर वॉरियर) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने कॉलेज और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक प्रहरी की भूमिका निभाएंगे।




