पाचुंदा खुर्द से उठा जल संरक्षण का संदेश, मंत्री झाबर सिंह खर्रा बोले- पानी बचाना आज सबसे बड़ा धर्म

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत मंगलवार को पाली जिले के सोजत क्षेत्र के पाचुंदा खुर्द गांव में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि “वंदे गंगा अभियान” का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पानी बचाना और अधिक से अधिक पौधारोपण करना सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संरक्षण और हरियाली दोनों ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है और पिछले दो वर्षों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए गए हैं। सरकार की मंशा है कि प्रदेश अधिक से अधिक हरा-भरा बने और जल स्रोत सुरक्षित रहें।

कार्यक्रम में सोजत विधायक शोभा चौहान ने भी संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी अभियान तभी सफल होता है जब उसमें आमजन की भागीदारी बढ़-चढ़कर हो। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, पौधारोपण और जल संरक्षण प्रयासों की जानकारी देते हुए लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण शपथ दिलाई गई। प्रभारी मंत्री, विधायक और अन्य अतिथियों ने पीपल पूजन किया, पौधारोपण किया तथा गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए परिंडे भी बांधे। कलश यात्रा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

इससे पहले कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। आयोजन में जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, सीईओ मुकेश चौधरी, सोजत उपखंड अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




