पाली में जनगणना 2027 कार्यों की कलेक्टर ने की मॉनिटरिंग, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पाली : नगर निगम पाली क्षेत्र में संचालित जनगणना 2027 कार्यों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने मंगलवार को सिविल लाइन क्षेत्र में पहुंचकर जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ब्लॉक संख्या 224 का दौरा कर प्रगणक जितेंद्र सिंह से संस्थागत परिवारों और ऑनलाइन किए गए जनगणना मकानों की जानकारी ली। उन्होंने जनगणना कार्य में पारदर्शिता और सटीकता पर जोर देते हुए आमजन से राष्ट्रहित में सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने सभी प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य पूर्ण करें और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग सिंह ने सुपरवाइजर सर्किल संख्या 63 के विभिन्न ब्लॉकों का निरीक्षण कर ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सुपरवाइजर चतराराम ने बताया कि उनके अधीन छह में से पांच ब्लॉकों का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और आगामी दो दिनों में शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर तुलसीराम, चार्ज अधिकारी जितेंद्र सोनी, प्रगणक भगवान दास और धर्मेंद्र सोलंकी भी मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों और प्रगणकों को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से जनगणना कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।



