google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सरदारसमंद की जल चौपाल में पहुंचे मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पानी की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

पाली : जिले के सरदारसमंद क्षेत्र में मंगलवार रात्रि आयोजित जल चौपाल में जिला प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आमजन से सीधा संवाद कर जल संबंधी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जल चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति, जल संकट और पशुओं के लिए पानी की समस्या से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को गर्मी के मौसम में पानी को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री खर्रा ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जल, पर्यावरण और मानव जीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पानी का संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। जल संरक्षण और हरियाली दोनों ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी हैं।

उन्होंने बताया कि “जल जीवन मिशन” के तहत वर्ष 2027 से पहले हर घर तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पशुओं के लिए भी टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने दीपदान और आरती में भाग लिया तथा उपस्थित लोगों को जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण की शपथ दिलाई। जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए लोगों से जनभागीदारी बढ़ाने की अपील भी की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी मसिंगा राम, जल संसाधन विभाग के एसई रामनारायण चौधरी, शंकरलाल तथा बिजली एवं अन्य विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button