पाली : “वंदे गंगा” अभियान के तहत मीडिया भ्रमण, बांधों का दौरा कर जल संरक्षण का दिया संदेश

पाली : राज्य सरकार द्वारा संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान-2026” के तहत बुधवार को पाली जिले में विशेष मीडिया भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न प्रमुख जल संग्रहण स्रोतों का दौरा करवाकर जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के महत्व से अवगत कराया गया।
अभियान के अंतर्गत मीडिया प्रतिनिधियों ने सरदार समंद बांध, केसूली बांध, हरिओम सागर बांध, नर्वानिया बांध तथा रणकपुर बांध का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों को जल संरक्षण, भूजल स्तर सुधार, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और जल संरक्षण प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान-2026” का मुख्य उद्देश्य आमजन में पानी बचाने और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत जिलेभर में जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मीडिया प्रतिनिधियों ने विभिन्न बांधों और जल संरचनाओं का निरीक्षण कर जल संरक्षण कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा भविष्य में जल बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




