google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा, मस्जिदों में गूंजी अमन-चैन की दुआएं

पाली : कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा गुरुवार को पाली शहर में धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। शहर की मुख्य मस्तान बाबा ईदगाह सहित विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों मोमिनों ने ईद की नमाज अदा कर देश में अमन, खुशहाली और सौहार्द की दुआ मांगी।

मुख्य ईदगाह मस्तान बाबा में मौलाना दानिश कफील रजा ने सुबह 8 बजे ईद की नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। कई स्थानों पर जरूरतमंदों में खैरात बांटी गई और लोगों ने अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की।

इस अवसर पर एसडीएम विमलेंद्रसिंह राणावत सहित अन्य अतिथियों ने माला और साफा पहनाकर मौलाना का इस्तकबाल किया। मुस्लिम समाज के सदर मोहम्मद हकीम भाई, हाजी मेहबूब टी और अन्य समाजसेवियों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

नमाज के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज के नेतृत्व में भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

पाली जिला मुस्लिम समाज के प्रवक्ता शकील अहमद नागौरी, मुख्य ईदगाह इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ भिश्ती, सचिव हाजी रफीक गौरी, उपाध्यक्ष हाजी मेहबूब टी और जिला शांति समिति सदस्य मोहम्मद सलीम मुस्कान ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं।

उन्होंने लोगों से सभी धर्मों का सम्मान करते हुए कुर्बानी घरों में करने, सार्वजनिक प्रदर्शन से बचने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील भी की, ताकि किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

शहर की विभिन्न मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई। इनमें मुस्लिम मुसाफिर खाना मस्जिद, चिश्तिया सुलेमानी मस्जिद, मस्जिद मोमिना, छिपों की बड़ी मस्जिद, खरादिया मस्जिद, मस्जिद रंगरेजान, नाड़ी मोहल्ला बड़ी और छोटी मस्जिद, मदीना मस्जिद, अल शाहबाज़ मस्जिद, हुसैनी मस्जिद, गरीब नवाज मस्जिद तथा रेलवे स्टेशन मस्जिद सहित कई धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button