पाली में शिक्षक संघ की महिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण, महिला शिक्षिकाओं के अधिकारों को लेकर नई टीम सक्रिय

पाली : राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा पाली की नवगठित महिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह शहर के श्रीमती चीमा बाई संचेती राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में महिला शिक्षिकाओं की संगठन में भागीदारी बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम सोनी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके हितों की रक्षा के लिए महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को मजबूती देने के साथ महिला शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रदेश संयुक्त महिला मंत्री कृष्णा शर्मा ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का माला एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया तथा संगठन के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
महिला कार्यकारिणी में अनीता साबू को सभाध्यक्ष, संध्या दवे को जिलाध्यक्ष तथा नीतू डागा को कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर निर्विरोध चुना गया। इसके अलावा संगठन में कई महिला शिक्षिकाओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपकर टीम को मजबूत किया गया।
कार्यक्रम में जब्बर सिंह राठौड़, संजीव शर्मा, पंकज शर्मा, रतन बारूपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
समारोह के अंत में नवगठित महिला कार्यकारिणी को संगठन की मजबूती, महिला शिक्षकों के कल्याण और शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।



