google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर पाली में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल, हजारों लोगों ने ली तंबाकू छोड़ने की शपथ

पाली : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को पाली जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, बीसीएमओ कार्यालयों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया गया।

निरोगी राजस्थान अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने भाग लेते हुए तंबाकू और तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाल ने कहा कि तंबाकू सेवन आज देश और दुनिया में कई गंभीर बीमारियों की प्रमुख वजह बन चुका है। उन्होंने बताया कि तंबाकू के कारण कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियां, स्ट्रोक तथा क्षय रोग (टीबी) जैसी घातक बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि तंबाकू केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति और समाज की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता सभाएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और स्वास्थ्य परामर्श सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को बताया कि तंबाकू छोड़ने से न केवल गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता और आयु में भी सकारात्मक सुधार होता है।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने बताया कि चिकित्सा विभाग पाली में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रहा है। स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और चिकित्सा संस्थानों में समय-समय पर अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जिले में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण करना और लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 11 बजे राज्य स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन भी किया गया। इसमें जिले के चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्मिकों ने भाग लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तंबाकू नियंत्रण कानूनों, जागरूकता रणनीतियों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे तंबाकू और तंबाकू उत्पादों से पूरी तरह दूरी बनाकर स्वयं को और अपने परिवार को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही तंबाकू मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button