रोहट में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, महंगाई, बेरोजगारी और NEET पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रोहट : देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रोहट में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रोहट उपखंड कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम का नेतृत्व रोहट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मास्टर पीराराम पटेल राणा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन और रसोई गैस की कीमतों ने आमजन का बजट बिगाड़ दिया है, जबकि युवाओं के भविष्य से जुड़े NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मंगलाराम पटेल भींडर ने बताया कि कार्यक्रम में पाली विधायक भीमराज भाटी, विधानसभा प्रभारी हिमपाल सिंह देवल, जिला कांग्रेस महासचिव मंगलाराम पटेल भींडर, कांग्रेस पंचायत राज संगठन जिलाध्यक्ष मदनसिंह जागरवाल, रोहट मंडल अध्यक्ष प्रकाश सोनी, वायद मंडल अध्यक्ष खीमाराम मेघवाल, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष वागाराम विश्नोई सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने रोहट क्षेत्र में संगठन की सक्रियता का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपखंड प्रशासन को सौंपकर आमजन और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।



