google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में हॉकी का महाकुंभ, 25 जिलों की टीमें दिखाएंगी दम, 700 खिलाड़ी और अधिकारी होंगे शामिल

पाली : शहर एक बार फिर प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं का केंद्र बनने जा रहा है। पाली जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में 16वीं राज्य स्तरीय जूनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 7 जून तक पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों की 25 टीमें भाग लेंगी और प्रदेश के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

पाली हॉकी संघ के अध्यक्ष महिपाल सिंह निंबाड़ा और सचिव सत्यनारायण सिंह पुनाड़िया ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 4 जून को शाम 4 बजे होगा। प्रतियोगिता के मुकाबले प्रतिदिन सुबह 7 से 11 बजे तथा शाम 4 से 7 बजे तक खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 7 जून को सुबह आयोजित होगा, जिसके बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों तथा खेल संघों के पदाधिकारियों सहित करीब 700 लोगों का पाली आगमन होगा। बाहर से आने वाली टीमों और अधिकारियों के लिए आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।

मेजबान पाली टीम भी इस बार खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। टीम के कप्तान सोमेश प्रजापत और कोच दीपक सोलंकी के नेतृत्व में खिलाड़ी पिछले कई दिनों से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य भी प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

पाली हॉकी संघ ने प्रतियोगिता के लिए टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी सोमेश प्रजापत को सौंपी गई है, जबकि राकेश खीमेल उपकप्तान होंगे। महिपाल चंडावल गोलकीपर की भूमिका निभाएंगे।

टीम में खुशवीर चंडावल, रेहान धामली, पुरण चंडावल, राजूलाल कोटड़ी, प्रदीप सिंह धामली, अमित जैतारण, योगेश प्रजापत (निमाज), हिमेश खीमेल, धीरज जैतारण, रितेश निमाज, मूलचंद जैतारण, ऋषभ निमाज, महेंद्र प्रताप सिंह, करण निमाज और हिमांशु जैतारण को शामिल किया गया है।

टीम के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी कोच दीपक सोलंकी को सौंपी गई है, जबकि अनिल सिंह निंबाड़ा टीम मैनेजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा मांगू सिंह दूदावत, बहादुर सिंह राठौड़, राजेश पाटनेचा और वासुदेव शर्मा भी टीम और आयोजन से जुड़े रहकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाएंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से पाली में खेलों का माहौल बनेगा और हॉकी प्रेमियों को प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता से जिले में हॉकी खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button