google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली की बेटी ने बॉक्सिंग रिंग में दिखाया दम, राज्य स्तरीय जूनियर चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

पाली : पाली की उभरती हुई मुक्केबाज निधि कौर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राजस्थान राज्य स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। दौसा में 1 से 3 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निधि ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया।

राजस्थान बॉक्सिंग संघ के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया, जहां पाली की खिलाड़ी निधि कौर ने कठिन मुकाबलों का सामना करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और कांस्य पदक हासिल कर अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

निधि कौर का यह पहला बड़ा पदक नहीं है। इससे पहले भी वह राजस्थान सब जूनियर, जूनियर तथा स्कूल स्टेट अंडर-14 और अंडर-17 प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक जीत चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण वह पाली की सबसे होनहार महिला मुक्केबाजों में शामिल हो चुकी हैं।

निधि अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को देती हैं। वह बांगड़ स्टेडियम, पाली में बॉक्सिंग कोच दिलीप गहलोत के निर्देशन में लगातार प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कोच गहलोत के मार्गदर्शन में उन्होंने तकनीकी कौशल, फिटनेस और मुकाबले की रणनीति पर विशेष मेहनत की, जिसका परिणाम अब लगातार पदकों के रूप में सामने आ रहा है।

प्रतियोगिता में टीम कोच एवं मैनेजर के रूप में नवीन रांकावत और शिवराज सिंह ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया, जबकि बालिका टीम प्रभारी मोनिका ने टीम के संचालन और खिलाड़ियों के मनोबल को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांस्य पदक जीतकर पाली लौटने पर निधि कौर का खेल प्रेमियों और बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पाली बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बॉक्सिंग कोच दिलीप गहलोत, शंकर पटेल, प्रवीण, गिरधर सिंह, नरेश पांडे, श्रवण कुमार, पल्लवी, निशा, निकिता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

निधि कौर की इस उपलब्धि से पाली के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि इसी तरह मेहनत और मार्गदर्शन मिलता रहा तो आने वाले वर्षों में निधि राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पाली और राजस्थान का नाम रोशन कर सकती हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button