google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliखेलदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जयपुर बना राज्य जूनियर हॉकी चैंपियन, अलवर को हराकर जीता खिताब; पाली में चार दिन तक चला हॉकी महाकुंभ संपन्न

पाली : पुलिस लाइन मैदान में आयोजित 16वीं राज्य स्तरीय जूनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का रविवार को शानदार समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आई 23 टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से भरपूर प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जयपुर ने अलवर को 3-1 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

हॉकी पाली के तत्वावधान में 4 से 7 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा। जयपुर और अलवर की मजबूत टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में जयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, आक्रामक रणनीति और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। वहीं तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में हनुमानगढ़ ने भीलवाड़ा को पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में विजेता जयपुर टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। उपविजेता अलवर टीम को 21 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही हनुमानगढ़ टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

इसके अतिरिक्त हॉकी भीलवाड़ा के सम्पतराज भंडारी की ओर से भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 7100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रही टीम को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

समापन समारोह में मगराज संखलेचा, संगीता बेनीवाल, कनिष्क शर्मा, जनक ओझा, पुनीत मुथा, अशोक भाटी, कालूराम, देवीसिंह सिसोदिया, विजयकांत, अजय शर्मा, गणपत पंवार, मलकित सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सारस्वत ने सफल आयोजन के लिए हॉकी पाली की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह निम्बाड़ा, सचिव सत्यनारायण सिंह पुनाडिया और सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।

हॉकी पाली के अध्यक्ष महिपाल सिंह निम्बाड़ा ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, कोच, टीम मैनेजर और तकनीकी अधिकारियों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों, जिला ओलंपिक संघ, मीडिया प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों का विशेष आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि चार दिनों तक चले इस आयोजन ने न केवल प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि पाली को राजस्थान में हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान भी दिलाई है।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में हॉकी राजस्थान के तकनीकी अधिकारियों और निर्णायकों की भूमिका भी सराहनीय रही। उनके निष्पक्ष निर्णय और कुशल प्रबंधन के चलते पूरे आयोजन का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से पाली में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है। खेल प्रेमियों का मानना है कि भविष्य में ऐसे और बड़े आयोजन जिले में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत करेंगे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button