पाली में ‘लक्ष्मण रेखा ऑपरेशन’ का बड़ा अभियान, 400 श्रमिकों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

पाली। नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से पाली में रविवार को विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्यालय के निर्देशानुसार एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) चौकी पाली द्वारा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री गणेश फेब्रिकेशन प्राइवेट लिमिटेड परिसर में “लक्ष्मण रेखा ऑपरेशन” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों और कर्मचारियों को “नशा मुक्त भारत, खुशहाल भारत” अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक और आर्थिक नुकसान तथा परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

एएनटीएफ टीम ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में श्रमिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस दौरान लोगों को शिकायत दर्ज कराने और गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में एएनटीएफ चौकी पाली से उप निरीक्षक सूरजभान सिंह, हेड कांस्टेबल वाघाराम, कांस्टेबल मनोज कुमार, रमेश गोदारा और भूपेंद्र गोदारा मौजूद रहे। वहीं औद्योगिक क्षेत्र थाना से सहायक उप निरीक्षक कंवरीलाल अपनी टीम के साथ शामिल हुए।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, एनजीओ, नशा मुक्ति केंद्रों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर नशा उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिला और पुरुष श्रमिकों ने नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को जागरूक करने तथा नशा तस्करी के खिलाफ प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “लक्ष्मण रेखा ऑपरेशन” का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा कर युवाओं और श्रमिक वर्ग को नशे की लत से बचाना भी है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर नशामुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
पाली में आयोजित यह अभियान नशे के खिलाफ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



