मोदी सरकार के 12 साल पूरे, चंडावल के थानेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजन, प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए हुआ वैदिक अनुष्ठान

पाली। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को पाली जिले में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में चंडावल स्थित प्राचीन थानेश्वर महादेव मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यश और अखंड राष्ट्र सेवा की कामना को लेकर विशेष पूजन, वैदिक अनुष्ठान एवं मंगलकामना प्रार्थना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भाग लेकर भगवान महादेव का पूजन-अर्चन किया तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करते हुए राष्ट्र के निरंतर विकास और प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों को मिला है।
थानेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर राष्ट्र की उन्नति एवं प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में सोजत विधायक शोभा चौहान, पाली जिला कलक्टर, मोनिका सेन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी मांसिंगराम, मंदिर के पुजारी एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पाली शहर के सोमनाथ महादेव मंदिर में भी विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। यहां वैदिक अनुष्ठान एवं प्रार्थना सभा के माध्यम से प्रधानमंत्री की दीर्घायु और राष्ट्र की प्रगति की कामना की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, सुनील भंडारी तथा मंदिर के पुजारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
धार्मिक और सामाजिक वातावरण के बीच आयोजित इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया।



