पाली में पीएम स्वनिधि योजना का बड़ा शिविर, 62 छोटे व्यापारियों के आवेदन हुए ऑनलाइन

पाली। छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से राजेंद्र नगर विस्तार क्षेत्र में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत विशेष जागरूकता एवं आवेदन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संयोजन पूर्व पार्षद एवं भाजपा जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में ठेला, केबिन एवं छोटी दुकान संचालित करने वाले बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान कुल 62 पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त कर उनका सत्यापन किया गया। सभी आवेदनों को ऋण स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को अग्रेषित कर दिया गया है।

शिविर में उपस्थित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ₹10,000 से लेकर ₹50,000 तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
आयोजकों ने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। उनका कहना था कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आर्थिक मजबूती प्रदान करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई। उपस्थित लोगों को सरकार की स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।

शिविर के सफल आयोजन में नगर निगम के जिला प्रबंधक शेरसिंह, युवराज वैष्णव एवं लोकेश कुमावत का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने लाभार्थियों के दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और योजना संबंधी मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े वर्गों को आर्थिक मजबूती मिल सके।



